चंद्रपूर शहर में अवैध गैस रिफिलिंग का काला कारोबार , गैस एजेंसियों की मिलीभगत से चल रहा रैकेट?

2

देश में इन दिनों ईंधन की भारी कमी देखी जा रही है। घरेलू और व्यावसायिक गॅस सिलेंडर लोगों को समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिसके चलते रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं और कई लोगों को फिर से चूल्हे पर निर्भर रहने की नौबत आ गई है। इसी बीच चंद्रपूर शहर के कुछ गैस एजेंसी संचालकों द्वारा नागरिकों को ठगने का नया तरीका अपनाए जाने की जानकारी सामने आई है, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, इंडियन और एचपी गैस कंपनी के सिलेंडरों से शहर में अवैध रूप से गैस निकालकर रिफिलिंग का कारोबार किया जा रहा है। इस पूरे मामले में कमलेश नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों में ग्राहकों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम करने का दिखावा करता है, लेकिन वास्तविकता में वह एजेंसियों से भरे हुए सिलेंडर लेकर सुनसान स्थानों पर पहुंचता है और वहां प्रत्येक सिलेंडर से करीब दो से तीन किलो गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरता है।इस अवैध गैस रिफिलिंग के कारण आम नागरिकों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही शहर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और तस्करी भी तेजी से बढ़ रही है। आरोप है कि कुछ गैस एजेंसी संचालक भी इस पूरे रैकेट में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन पाचसौ से अधिक सिलेंडरों से इसी तरह गैस निकाली जा रही है और शहर में अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार खुलेआम चल रहा है।
इस मामले को लेकर अब नागरिकों ने जिला प्रशासन और जिलाधिकारी से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि कमलेश नामक यह व्यक्ति इसी तरह लोगों को ठगता रहा तो भविष्य में गंभीर हादसे भी हो सकते हैं। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल गैस एजेंसी संचालकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

bottom